जम्मू
मलबे की कई फुट मोटी परत हटाने से लेकर पत्थर और चट्टानें तोड़कर सर्च ऑपरेशन आगे बढ़ रहा है। नाले में बर्फीले पानी को भी खंगाला जा रहा है। कहीं पुल के नीचे बर्फ जमी है तो उसे भी कटर से तोड़कर चप्पा-चप्पा जांचा जा रहा है। अमरनाथ गुफा के पास आए सैलाब में लापता एक-एक शख्स को खोजने के लिए रेस्क्यू दलों में शामिल जवानों ने पूरी ताकत झोंक दी है। अत्याधुनिक उपकरण लगाने के अलावा ड्रोन से भी पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है।
जहां कहीं भी किसी के होने की संभावना नजर आ रही है, रेस्क्यू टीमें उसे पूरी तरह जांच रहे हैं ताकि किसी की जान या फिर कोई पार्थिव देह मिल जाए। 48 घंटे से चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति जांचने के लिए एनडीआरएफ के महानिदेशक अतुल करवाल, इन्फैंट्री बटालियन के कमांडिंग अफसर समेत अन्य अधिकारियों ने प्रभावित इलाके का दौरा किया। अधिकारियों ने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस बीच 17 जैक राइफल के जवानों ने बालटाल में संगम से लेकर बरारीमर्ग के इलाके को खंगाला।
तीन टन की मशीन को रस्सों से खींच ले गए सैन्य जांबाज
जिस रास्ते पर चलना भी मुश्किल है, वहां सेना के जवान तीन टन वजन की डोजर मशीन को रस्से से खींचकर पहुंचा रहे हैं। अमरनाथ यात्रा मार्ग का यह दृश्य रेस्क्यू ऑपरेशन में चल रही जद्दोजहद की बानगी भर है। सैलाब में लापता हुए लोगों की खोज के साथ क्षतिग्रस्त यात्रा मार्ग को बहाल करने के लिए भी बड़े स्तर पर अभियान चल रहा है। सूत्रों के अनुसार अस्सी फीसदी के करीब यात्रा ट्रैक बहाल कर दिया गया है।
रविवार को भारतीय सेना की इंजीनियरिंग रेजीमेंट के 12 जांबाजों ने डोजर मशीन को कई किलोमीटर तक रस्सों से खींचकर मुश्किल रास्ते से आगे पहुंचाया। वहीं, तेज बारिश से बुरी तरह क्षतिग्रस्त अमरनाथ यात्रा मार्ग को बहाल करने के लिए सेना समेत अन्य एजेंसियों के जवानों की टुकड़ियां लगातार काम पर लगी हैं। ड्रिलर मशीनों के साथ मलबे को काटकर कर साफ किया जा रहा है।
दिन रात लगातार चल रहे राहत एवं बचाव कार्य में जुटे जवान बाबा बर्फानी के जयघोष भी कर रहे हैं। शुक्रवार सैलाब आने के बाद शनिवार लगातार दूसरी रात भी रेस्क्यू दल के सदस्य लापता लोगों की खोज और अन्य टीमें यात्रा मार्ग खोलने के लिए जुटी रहीं। रविवार को पवित्र गुफा के पास सैकड़ों की संख्या में जवान गैंती-बेलचे से लेकर मशीनों के साथ मलबा हटाने में जुटे रहे।

More Stories
मुख्यमंत्री धामी ने प्रसिद्ध गोवर्धन मंदिर में दुग्धाभिषेक कर पूजा अर्चना की तथा देश व प्रदेश की खुशहाली की कामना की
मुख्यमंत्री ने मुंबई में किए श्री सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन
मुख्यमंत्री धामी ने मुंबई दौरे पर आज प्रातः काल भ्रमण के दौरान उत्साह एवं उमंग से भरे हुए मुंबई वासियों के साथ किया योग एवं सूर्य नमस्कार